गैस कालाबाजारी पर प्रशासन का सख्त एक्शनः माउंट आबू के समस्त क्षेत्रों में चार दर्जन से अधिक सिलेंडर किए गए जब्त
PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू-गैस संकट के बीच पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू क्षेत्र में कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने व्यापक कार्रवाई की है। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देश पर उपखंड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया ने स्वयं मोर्चा संभाला और शहरी व ग्रामीण इलाकों में सघन अभियान चलाया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग और उनकी जमाखोरी को रोकना था। जांच के दौरान चार दर्जन से अधिक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है।
कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर 10 से अधिक सिलेंडरों का अवैध स्टॉक भी मिला। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल चार दर्जन से अधिक सिलेंडर जब्त किए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गैस संकट के समय इस तरह की कालाबाजारी आम उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसी क्रम में, उपखंड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया ने अचलगढ़ और ओरिया गांव के हैंडपंपों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन हैंडपंपों को सुचारू रूप से चालू रखने के निर्देश दिए।
यह अभियान ओरिया, अचलगढ़, देलवाड़ा, अधर देवी, आर्य समाज पार्किंग, गोमुख रोड, ढूंढाई और नक्की लेक सहित शहर के प्रमुख इलाकों में चलाया गया। टीमों ने प्रत्येक स्थल पर जाकर निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की।
इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार कुंज बिहारी झा, एईएन नवोदित सिंह राजपुरोहित, जन स्वास्थ्य निरीक्षक राज किशोर शर्मा और मुख्य जमादार तरुण सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। यदि कोई व्यक्ति घरेलू गैस का दुरुपयोग या कालाबाजारी करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, आमजन से भी अपील की गई है कि वे ऐसे मामलों की सूचना प्रशासन को देकर इस अभियान में सहयोग करें।

