पिंडवाड़ा-ट्रेलर-ट्रक की भिड़ंतः टक्कर के बाद ट्रक में लगी आग, चालक-परिचालक सुरक्षित निकले
PALI SIROHI ONLINE
पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के सानवाड़ा-वीरवाड़ा हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसके बाद ट्रक के केबिन में आग लग गई। गनीमत रही कि चालक और परिचालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।स्थानीय लोगों ने बताया कि यह हादसा देर रात करीब 2 बजे हुआ। दोनों भारी वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तुरंत बाद ट्रक में आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगा। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पिंडवाड़ा पुलिस और सिरोही से अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर पूरी तरह से काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भिड़ंत भीषण थी, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लेने और चालकों की सतर्कता के कारण कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। देर रात तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
