PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिशनगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने टाटा हैरियर कार से 314 किलो 150 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया गया है। वाहन की तलाशी में अलग-अलग वाहनों की 6 नंबर प्लेट भी मिली हैं।
नाकाबंदी तोड़कर उम्मेदाबाद की तरफ भागा चालक
बिशनगढ़ थानाधिकारी पन्नालाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 26 और 27 नवंबर की मध्यरात्रि को नाकाबंदी की थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध टाटा हैरियर कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक नाकाबंदी तोड़कर उम्मेदाबाद की तरफ भागने लगा।
पुलिस ने उम्मेदाबाद चौकी स्टाफ को सूचना देकर वाहन रुकवाने के निर्देश दिए। चौकी के सामने पुलिस ने कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। इस पर पुलिस ने चैन खींचकर कार के आगे के दोनों टायर पंचर कर दिए। इसके बावजूद चालक कार को खरल से आलासन जाने वाले कच्चे रास्ते की तरफ भगा ले गया। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को पकड़ लिया, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
17 कट्टों में भरा था डोडा पोस्त
कार की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक के 17 कट्टों में भरा 314 किलो 150 ग्राम डोडा पोस्त मिला। पुलिस ने कार से अलग-अलग वाहनों की 6 नंबर प्लेट भी जब्त की हैं।
इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच कोतवाली जालोर के उप निरीक्षक रघुवीर सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में थानाधिकारी पन्नालाल, एएसआई भूराराम, रणवीरसिंह, नैनाराम, वीरसिंह, धर्मपाल, रतनलाल, पृथ्वीराज, हड़मानाराम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। कार्रवाई में चालक पृथ्वीराज की विशेष भूमिका रही।

