PALI SIROHI ONLINE
बाली-बाली में खेत में चारा समझकर विस्फोटक मुंह में लेने से नंदी गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके में उसका जबड़ा फट गया। घटना 23 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे लूणावा से डेढ़ किलोमीटर दूर नाथजी बेरे के पास हुई। घायल नंदी को जीव दया ग्रुप की एंबुलेंस से उपचार के लिए भिजवाया गया।
जीव दया ग्रुप के सदस्य भरत भटनागर सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, खेत में शिकार के लिए पोटाश से भरा विस्फोटक रखा गया था। नंदीने उसे चारा समझकर मुंह में लिया, तभी धमाका हो गया। ग्रुप के सदस्यों और ग्रामीणों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
एक साल में चौथी घटना, ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में एक साल के दौरान इस तरह की यह चौथी घटना है। उनका कहना है कि फसल बचाने या जंगली जानवरों के शिकार के लिए खेतों में विस्फोटक रखे जाने की आशंका है। इसकी चपेट में आने से गायों और दूसरे पशुओं को गंभीर चोटें लग रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पहले भी कई मामलों में पशुओं की मौत हो चुकी है।
लूणावा सरपंच मोहनलाल चौधरी ने बताया कि घटना गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर हुई है। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। ग्रामीण भी मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खाने की चीजों में विस्फोटक छिपाकर रखने की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ लोग खेतों में खाने की वस्तुओं के भीतर विस्फोटक मिश्रण और नुकीली वस्तुएं छिपाकर रख देते हैं। पशु इन्हें चारा या खाने की चीज समझकर मुंह में लेते हैं तो धमाका हो जाता है। इससे उनके मुंह, जीभ और जबड़े बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। गंभीर रूप से घायल पशुओं की मौत भी हो जाती है।लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कराने, खेतों में इस तरह विस्फोटक रखने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
