PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-शिवगंज तहसील के वागसीन गांव में एक बंदर ने पिछले एक महीने में 15 से ज्यादा लोगों को काटा है। गुरुवार को बंदर ने एक किशोरी के पैर में काट लिया। उसे इलाज के लिए सिरोही ट्रॉमा सेंटर लाया गया।
वागसीन निवासी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि उनकी भतीजी घर से बाहर निकली थी, तभी काले मुंह का बंदर वहां आया और उसके पैर में काट लिया। किशोरी के चिल्लाने परपरिजन और आसपास के लोग पहुंचे। उन्होंने बंदर से उसे छुड़ाया और अस्पताल ले गए।
वहां से किशोरी को सिरोही जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उसका इलाज शुरू किया। पैर में लंबा कट होने के कारण उसका इलाज जारी है। उसे टिटनेस और रेबीज के इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं।
प्रवीण सोलंकी के मुताबिक, डॉक्टर किशोरी को कुछ घंटे अस्पताल में रखेंगे। आराम मिलने पर उसे घर जाने की इजाजत दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बंदर ने एक व्यक्ति को भी बुरी तरह काटा था, जिससे उसके शरीर के अंदरूनी हिस्से बाहर आ गए थे।

