PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही की स्वरूपगंज पुलिस ने बुधवार शाम नाकाबंदी के दौरान शराब तस्करी के अनोखे तरीके का खुलासा करते हुए लग्जरी कार से अंग्रेजी शराब की 78 बोतल और 253 पव्वे जब्त किए। कार की पिछली सीट के अंदर, चारों दरवाजों और डैशबोर्ड में गुप्त बॉक्स बनाकर शराब छिपाई गई थी। पुलिस ने मौके से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। शराब से भरी कार को एस्कॉर्ट कर रही दूसरी कार को भी जब्त किया गया है।
एसपी के निर्देश पर की नाकाबंदी
सिरोही एसपी डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान एसपी को शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर स्वरूपगंज पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भगाई कार
नाकाबंदी के दौरान पिंडवाड़ा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक लग्जरी कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने कार रोकने के बजाय उसे आबूरोड की तरफ भगा दिया। पुलिस ने पीछा कर कार को रुकवाया और उसमें सवार युवकों से पूछताछ की। इसी दौरान शराब से भरी कार को आगे से एस्कॉर्ट कर रही दूसरी कार को भी रुकवाकर थाने लाया गया।
कार के दरवाजों और डैशबोर्ड में बनाए थे गुप्त बॉक्स
पुलिस ने लग्जरी कार की तलाशी ली तो अंदर शराब छिपाने के लिए विशेष इंतजाम मिले। कार की पिछली सीट के अंदर के हिस्से के अलावा चारों दरवाजों और डैशबोर्ड में गुप्त बॉक्स बनाए गए थे। इन बॉक्स में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बोतलें और पव्वे छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने तलाशी के दौरान कुल 78 बोतल और 253 पव्वे बरामद किए। शराब के साथ दोनों कारों को भी जब्त कर लिया गया।
चार युवक गिरफ्तार, तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ
पुलिस ने इस मामले में कृष्णा, फालना निवासी चार युवकों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान रोहित सिंह पुत्र किरण सिंह, दिशांत सिंह पुत्र पर्वत सिंह, महिपाल मेवाड़ा पुत्र बाबूलाल मेवाड़ा और बृजपाल सिंह पुत्र हरि सिंह के रूप में हुई है। पुलिस चारों आरोपियों से शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पूछताछ कर रही है।


