PALI SIROHI ONLINE
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में पंचायत चुनाव ड्यूटी लगे हेड कॉन्स्टेबल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सरमथुरा थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल भगवान स्वरूप मीणा की शुक्रवार रात तबीयत बिगड़ी थी। वे चुनावी ड्यूटी पर तैनात थे। मृतक पुलिस अधिकारी पर पुलिस थाना के हेड मोहर्रिर का चार्ज था। उनकी मौत के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार हेड कॉन्स्टेबल भगवान स्वरूप मीणा की सरमथुरा थाने में ही चुनाव ड्यूटी लगी हुई थी। शुक्रवार रात करीब 11 बजे वे थाना परिसर में बने क्वार्टर में खाना खाने गए थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत सरमथुरा अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से गंभीर हालत में डॉक्टरों ने उन्हें करौली रेफर कर दिया।
करौली ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
पुलिसकर्मी उन्हें लेकर करौली जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही भगवान स्वरूप मीणा ने दम तोड़ दिया। चुनावी ड्यूटी के दौरान साथी पुलिसकर्मी की इस तरह अचानक मौत से पुलिसकर्मियों में शोक का माहौल है। साथियों ने बताया कि वे शांत स्वभाव के व्यक्ति थे।
धौलपुर पुलिस ने दी श्रद्धांजलि
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीएफ), बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ सहित संपूर्ण धौलपुर पुलिस परिवार ने दिवंगत हेड कॉन्स्टेबल को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। धौलपुर पुलिस ने हेड कॉन्स्टेबल को श्रद्धांजलि देते हुए एक्स पर लिखा कि सरमथुरा पुलिस थाने में पदस्थापित हेड कॉन्स्टेबल भगवान स्वरूप मीणा का शुक्रवार रात्रि ड्यूटी के दौरान हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। उनका असामयिक निधन अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें।
3 पंचायत समितियों में चुनाव आज
बता दें कि पंचायत चुनाव के चौथे चरण में आज धौलपुर जिले की बसेड़ी, राजाखेड़ा और सरमथुरा पंचायत समिति में सदस्य, जिला परिषद सदस्यों के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान सायं 6 बजे तक रहेगा। मतदान में 2 लाख 91 हजार 155 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। मतदान केन्द्र व मतगणना स्थल पर प्रत्याशी एवं उसके अधिकृत काउंन्टिंग एजेंट के अतिरिक्त अन्य किसी भी व्यक्ति का प्रवेश निषेध है। तीनों पंचायत समितियों में 16 नवंबर को सरपंच पद के चुनाव होंगे।




