PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के रामसीन के पास बुधवार दोपहर दो कारों की आमने-सामने टक्कर में रामपुरा निवासी दंपती गोपाल सिंह और गुलाब कंवर घायल हो गए। दोनों भीनमाल से माताजी के दर्शन कर कार से सिरोही लौट रहे थे। हादसे में दोनों कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों को पहले भीनमाल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से सिरोही जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।गुलाब कंवर की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन परिजन उन्हें लेकर गुजरात की ओर रवाना हो गए। वहीं, दूसरी घटना में मंडवारिया गांव के पास स्कूटी का अगला पहिया जाम होने से जिला अस्पताल में कार्यरत लीला कुमारी सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
माताजी के दर्शन कर लौटते समय दो कारों की भिड़ंत
जानकारी के अनुसार गोपाल सिंह पुत्र नाहर सिंह और उनकी पत्नी गुलाब कंवर भीनमाल में माताजी के दर्शन करने गए थे। बुधवार दोपहर दोनों कार में सवार होकर सिरोही लौट रहे थे। इसी दौरान रामसीन के पास सामने से आ रही दूसरी कार से उनकी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं और गोपाल सिंह व गुलाब कंवर घायल हो गए।
गुलाब कंवर की हालत चिंताजनक, गुजरात की ओर ले गए परिजन
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग दोनों घायलों को भीनमाल के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सिरोही जिला मुख्यालय स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने दोनों को भर्ती कर इलाज शुरू किया। गुलाब कंवर की हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद उदयपुर रेफर किया। हालांकि, परिजन उन्हें लेकर गुजरात की ओर रवाना हो गए।स्कूटी का अगला पहिया जाम होने से सड़क पर गिरी महिला
दूसरी घटना में जिला अस्पताल में कार्यरत लीला कुमारी की स्कूटी का अगला पहिया मंडवारिया गांव के पास अचानक जाम हो गया। वह जावाल से सिरोही लौट रही थीं। पहिया जाम होने से स्कूटी फिसल गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
मौके पर मौजूद लोग उन्हें सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें वार्ड में भर्ती कर लिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
