PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर जिले में चचेरे भाई को वोट न देने पर बेटे ने मां की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए पिता और बड़े भाई पर भी हमला कर दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गया।
बड़ा भाई निजी वाहन से घायल माता-पिता को डूंगरपुर जिला अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने मां को मृत घोषित कर दिया। घायल पिता का उपचार जारी है। घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के महुवाड़ा गांव की शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे की है।थानाधिकारी सोहनलाल बामनिया ने बताया कि सरपंच चुनाव की मतगणना खत्म होने के बाद महुवाड़ा गांव निवासी आरोपी राहुल परमार अपने चचेरे भाई को वोट नहीं देने की बात पर पिता लालचंद से झगड़ा करने लगा और रॉड से उन पर हमला कर दिया। बीच बचाव करने पहुंची उसकी मां पुष्पा के सिर पर रॉड लग गया और वह जमीन पर गिर गईं। हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।आरोपी राहुल के बड़े भाई गणेश परमार ने बताया- शुक्रवार तड़के मेरा भाई शराब पीकर आया और मेरे पिता से ये बोलकर झगड़ा करने लगा कि मेरे भाई को वोट क्यों नहीं दिया। फिर लोहे की रॉड उठाकर मारने लगा। मेरी मां के सिररॉड लगने उनकी मौत हो गई। मेरे पिता के भी चोट लगी है। जीतने वाले मेरे अंकल है और हारने वाला भी हमारा भाई लगता है।
पुलिस ने बताया- महुवाड़ा गांव निवासी लालचंद के भाई की पत्नी और दूसरे भाई का लड़का (भतीजा) सरपंच का चुनाव लड़े थे। गुरुवार देर रात रिजल्ट आया तो लालचंद के भाई की पत्नी चुनाव जीत गईं और भतीजा हार गया। इसके बाद शुक्रवार तड़के लालचंद का छोटा बेटा घर पहुंचा तो लालचंद उनकी पत्नी पुष्पा, बड़ा बेटा गणेश और बहू घर में सो रही थी।
राहुल अपने पिता से चचेरे भाई को वोट न देने की बात को लेकर झगड़ा करने लगा और रॉड से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर घर में सो रहे भाई और मां उठकर बीच-बचाव करने आए। इसी दौरान युवक ने रॉड से वार किया और उसकी मां सामने आ गईं, जिससे उनके सिर पर रॉड लग गया और वह जमीन पर गिर गईं।
इसके बाद गणेश ने निजी वाहन से घायल माता-पिता को डूंगरपुर जिला अस्पताल लेकर गया। डॉक्टरों ने पुष्पा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल लालचंद का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
