PALI SIROHI ONLINE
पाली-बुजुर्ग दंपती से मारपीट, घायलः पशुओं को बजरी पर ले जाने पर टोका था, बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती
पाली-पाली शहर के पास हेमावास गांव में गुरुवार सुबह मवेशियों को बजरी से दूर ले जाने की बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि गांव के एक युवक ने अपने परिवार के लोगों को बुलाकर शिवाराम (66) और उनकी पत्नी गीता देवी (60) के साथ मारपीट की। हमले में दोनों घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती कराया। मामले को लेकर दंपती ने सदर थाने में शिकायत दी है।मवेशियों को बजरी से दूर ले जाने के लिए कहा
जानकारी के अनुसार, हेमावास गांव निवासी शिवाराम ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे गांव का ही एक युवक मवेशियों को लेकर आ रहा था। उनके घर के आगे बजरी पड़ी थी। मवेशियों के कारण बजरी सड़क पर नहीं फैले, इसलिए उन्होंने युवक से मवेशियों को बजरी से दूर ले जाने के लिए कहा।
परिवार के लोगों को बुलाकर मारपीट करने का आरोप
शिवाराम के अनुसार, उनकी बात सुनकर युवक गुस्सा हो गया और अपने परिवार के लोगों को बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद उन लोगों ने उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी गीता देवी पर भी हमला किया गया।
मारपीट में शिवाराम के सिर में चोट आई, जबकि गीता देवी के शरीर पर चोट लगी। दोनों को परिजनों ने पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद वृद्ध दंपती ने सदर थाने में शिकायत दी है।




