PALI SIROHI ONLINE
बांसवाड़ा-बांसवाड़ा के घाटोल थाना क्षेत्र के छोटा रूजिया गांव में एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घर के आंगन में वह चारपाई पर मृत पड़ा मिला। परिजन ने मर्डर का शक जताया है।
घाटोल थाने के ASI नारायण लाल ने बताया- युवक अशोक पांडोर (26) पुत्र प्रभुलाल छोटा रूजिया गांव में ही देसी शराब निकालने का काम करता था। गुरुवार सुबह 4 बजे पुलिस को फोन से सूचना मिली कि मौजा छोटा रूजिया में युवक का शव मिला है।
सूचना पर थानाधिकारी मिठूलाल पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पता चला कि अशोक अवैध तरीक से महुआ की शराब निकालता था। परिजन का कहना है कि अशोक का मर्डर किए जाने का शक है। उन्होंने बताया कि अलसुबह अशोक घर से निकला। इसके बाद सुबह 4 बजे उसका शव खाट पर पड़ा मिला।
मेडिकल बोर्ड से कराया जा रहा पोस्टमार्टम
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और बांसवाड़ा एमजी अस्पताल मोर्चरी में रखवाया। जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद बॉडी परिजन को सौंप दी गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं।




