PALI SIROHI ONLINE
जन्म-मृत्यु की विलंबित सूचना के पंजीयन के लिए न्यायालयों का क्षेत्राधिकार निर्धारित
पाली, 15 अक्टूबर। जन्म एवं मृत्यु पंजीयन (संशोधन) अधिनियम, 2026 के प्रावधानों की पालना में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, पाली द्वारा जन्म-मृत्यु की विलंबित सूचना के पंजीयन के लिए पाली न्यायक्षेत्र के विभिन्न न्यायालयों का क्षेत्राधिकार निर्धारित किया गया है।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती हेमलता भारती द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, जन्म एवं मृत्यु पंजीयन (संशोधन) अधिनियम, 2026 की धारा 13(3) में संशोधन किया गया है। इसके तहत जन्म अथवा मृत्यु की घटना की विलंबित सूचना घटना घटित होने के दो वर्ष पश्चात दिए जाने की स्थिति में संबंधित क्षेत्राधिकार के प्रथम श्रेणी के न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा सत्यापन एवं निर्धारित प्रक्रिया के पश्चात आदेश जारी किए जाने पर ही पंजीयन किया जा सकेगा।
जारी आदेश के तहत पाली जिले के विभिन्न पुलिस थाना क्षेत्रों में घटित जन्म-मृत्यु की घटनाओं से संबंधित आवेदनों के निस्तारण के लिए न्यायालयों का क्षेत्राधिकार निर्धारित किया गया है। इसमें पाली, सुमेरपुर, बाली, सोजत, सादड़ी, देसूरी, रानी एवं मारवाड़ जंक्शन सहित संबंधित क्षेत्रों के लिए कुल 18 न्यायालयों को अधिकृत किया गया है।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार रोहट, जैतपुर न्यायालय के क्षैत्राधिकार वाले पुलिस थाना क्षेत्र के लिए न्यायालय क्षेत्र मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पाली रहेगा। इसी प्रकार ट्रांसपोर्ट नगर, सदर थाना क्षेत्र के लिए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पाली, कोतवाली के लिए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सा.द.) गुड़ा एंदला के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट पाली एवं औद्योगिक क्षेत्र के लिए अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम संख्या 2 पाली होगा। संबंधित विभिन्न थाना क्षेत्रों के आवेदन संबंधित अधिकृत न्यायालयों में प्रस्तुत किए जाएंगे। इसी क्रम में सुमेरपुर थाना क्षेत्र के लिए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमेरपुर, तखतगढ़ के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमेरपुर, सुमेरपुर सदर, सांडेराव के लिए अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमेरपुर, बाली व फालना क्षेत्र के लिए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बाली, नाना क्षेत्र के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट बाली, सादड़ी के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट सादडी, देसूरी व खिंवाडा के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट देसूरी, रानी के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट रानी, सिरियारी के लिए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मारवाड़ जंक्शन, मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट मारवाड़ जंक्शन, सोजत सिटी व चण्डावल के लिए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सोजत, बगड़ी नगर के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट सोजत एवं शिवपुरा, सोजत पुलिस थाना क्षेत्र के लिए अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट सोजत को प्रस्तुत आवेदनों के निस्तारण के लिए संबंधित को अधिकृत किया गया है।

