• March 29, 2026

नाडोल में श्रद्धा और भक्ति के साथ सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन

PALI SIROHI ONLINE

नाडोल में श्रद्धा और भक्ति के साथ सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन

नगराज वैष्णव

नाडोल (पाली)। दिनांक 27 मार्च 2026 को ग्राम नाडोल में पुण्यात्मा स्वर्गीय श्री लक्ष्मीनारायण वैष्णव (सेवानिवृत्त शिक्षक) की पावन स्मृति में उनकी आत्मशांति हेतु सुंदरकाण्ड पाठ का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ हुआ। सुंदरकाण्ड पाठ का वाचन रमेश जी रामढाणी (पुत्र) द्वारा अत्यंत भावपूर्ण शैली में किया गया। उनके मधुर स्वर में प्रस्तुत चौपाइयों एवं भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया।


स्वर्गीय श्री लक्ष्मीनारायण जी वैष्णव एक आदर्श शिक्षक थे। वे सदैव कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और सच्ची छवि वाले व्यक्तित्व के धनी रहे। उनका जीवन अत्यंत सरल एवं शांत स्वभाव से युक्त था, और वे हमेशा भगवान की भक्ति में लीन रहते थे।
इस आयोजन में दिवंगत के परिवारजन, रिश्तेदारों के साथ-साथ गांव के अनेक गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने एक साथ बैठकर प्रभु श्रीराम का स्मरण किया एवं पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।


कार्यक्रम के दौरान भक्ति, श्रद्धा एवं शांति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे उपस्थित हर व्यक्ति भाव-विभोर हो उठा। अंत में सामूहिक आरती कर प्रसाद वितरण किया गया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
परिवारजनों ने इस अवसर पर सभी उपस्थित ग्रामवासियों एवं अतिथियों का हृदय से आभार प्रकट किया।

You cannot copy content of this page