PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-मंडार कस्बे में मंगलवार को पुलिस से बचकर भाग रही अवैध शराब से भरी तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक विजय बारोट गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीछा कर कार को जब्त किया और उसमें सवार एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में कार से अवैध शराब के 48 कार्टन बरामद हुए।
पुलिस को देखकर बैरिकेड्स तोड़कर भागे
थानाधिकारी प्रवीण आचार्य ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र से अवैध शराब की तस्करी होने वाली है। इस पर पुलिस ने थाने के बाहर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने कार रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और बैरिकेड्स तोड़कर भाग निकला।
पुलिस टीम ने कार का पीछा शुरू किया। पुलिस को पीछे आता देख चालक ने कार की रफ्तार और बढ़ा दी। इसी दौरान सरकारी अस्पताल के पास कार सामने से आ रहे ऑटो से टकरा गई।
ऑटो चालक गंभीर, पालनपुर रेफर
टक्कर में ऑटो चालक विजय बारोट गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल मंडार अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे पालनपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद पुलिस ने कार को घेरकर उसमें सवार एक तस्कर को पकड़ लिया। एएसआई कांतिलाल ने बताया कि कार की तलाशी में 48 कार्टन अवैध शराब मिली। पुलिस ने कार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
कार्रवाई में एएसआई तेजाराम, एएसआई कांतिलाल और कांस्टेबल श्रवण कुमार जानी की विशेष भूमिका रही। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।




