PALI SIROHI ONLINE
*पंचायत चुनाव के प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की दी जानकारी*
प्रबोधन प्रशिक्षण शिविर में पात्रता-अयोग्यता, शौचालय घोषणा पत्र एवं प्रतिभूति राशि सहित विभिन्न नियमों पर किया मार्गदर्शन
पाली, 11 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सुविधा के लिए रविवार को पंचायत समिति परिसर में प्रबोधन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ब्लॉक लेवल मास्टर ट्रेनर्स (बीएलएमटी) ने प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया, नामांकन पत्र भरने की विधि, आवश्यक दस्तावेजों तथा चुनाव से संबंधित विभिन्न नियमों एवं प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत चुनाव) एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया की सही जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ ही निर्वाचन संबंधी आवश्यक नियमों एवं प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है।
शिविर में ब्लॉक लेवल मास्टर ट्रेनर राजेन्द्र सिंह कुम्पावत एवं परमेश्वर उपाध्याय ने नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया, नामांकन के साथ प्रस्तुत किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों तथा विभिन्न प्रपत्रों को भरने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों की कुल संख्या की गणना से संबंधित प्रावधानों के बारे में बताते हुए कहा कि निर्धारित नियमों के अनुसार दिव्यांग बच्चे को बच्चों की कुल संख्या में शामिल नहीं करने के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने संबंधी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र एवं उसके साथ संलग्न किए जाने वाले दस्तावेज सावधानीपूर्वक तैयार कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप प्रस्तुत करने का मार्गदर्शन दिया गया।
शिविर में बीएलएमटी मुकेश जागरीवाल एवं लक्ष्मणराम ने प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र प्रारूप 4-घ, परिशिष्ट- 1बी तथा घर में कार्यशील शौचालय होने और खुले में शौच नहीं करने से संबंधित घोषणा पत्र के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही प्रतिभूति राशि जमा करवाने की रसीद, चरित्र प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र एवं सांख्यिकी सूचना सहित नामांकन के साथ संलग्न किए जाने वाले विभिन्न दस्तावेजों के प्रारूप और उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से समझाया गया।
प्रबोधन प्रशिक्षण शिविर में रमेश कुमार अणकिया, स्वीप प्रभारी अनिल नामा, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, सहायक प्रभारी अभिषेक चतुर्वेदी, अर्जुन सिंह सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।




