PALI SIROHI ONLINE
पंचायत समिति वार 9 ईवीएम स्ट्रांग रूम 15 अक्टूबर तक तैयार करने के निर्देश
पाली, 9 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत ईवीएम मशीनों के सुरक्षित भंडारण के लिए राजकीय बांगड़ महाविद्यालय, पाली में पंचायत समिति वार 9 ईवीएम स्ट्रांग रूम तैयार किए जाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह ने अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15 अक्टूबर तक स्ट्रांग रूम तैयार करवाने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार, ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन 9 अक्टूबर को किया जा चुका है। आगामी 16 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से रेंडमाइज की गई ईवीएम मशीनें संबंधित पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारियों को सुपुर्द एवं वितरित की जाएंगी। इसके लिए राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में पंचायत समिति वार अलग-अलग स्ट्रांग रूम तैयार किए जाएंगे, ताकि संबंधित रिटर्निंग अधिकारी ईवीएम मशीनों का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित कर सकें।
उल्लेखनीय है कि पंचायत आम चुनाव-2026 के लिए जिला स्तर पर राजकीय बांगड़ महाविद्यालय को अधिग्रहित किया गया है। वर्तमान में यहां मतदान दलों का प्रशिक्षण भी संचालित हो रहा है। ईवीएम स्ट्रांग रूम तैयार करने के कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।





