PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और होटल-रेस्टोरेंट व्यवसायियों को एकजुट करने के उद्देश्य से सिरोही होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन की तीसरी बैठक सोमवार सुबह 11 बजे हुई। अध्यक्षता एसोसिएशन अध्यक्ष शांतिलाल माली सोलंकी ने की। पूर्व सभापति ताराराम माली का विशेष सान्निध्य रहा।
मंच संचालन सचिव प्रकाश बी. माली ने किया। बैठक में संगठन के विस्तार, पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और व्यवसायियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। सदस्यों ने एसोसिएशन को मजबूत, संगठित और प्रभावीमंच बनाने के साथ स्थानीय पर्यटन एवं होटल उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। बैठक में पूर्व सभापति ताराराम माली,अध्यक्ष शांतिलाल माली सोलंकी, उपाध्यक्ष फिरोज पठान, सचिव प्रकाश बी. माली, संगठन मंत्री सत्यजीत सिंह, दिनेश पटेल, चंदू सुथार, मनजीत सिंह, रामलाल देवासी, हीरालाल कंसारा, रफीक खान, विश्राम सिंह, उम्मेदमल कुमावत, बाबूलाल मीणा, रमेश रावल सहित एसोसिएशन के सदस्य और व्यवसायी मौजूद रहे। { सदस्यता एवं ग्रुप से जुड़े नियम : बैठक के दौरान सदस्य दिनेश पटेल ने प्रस्ताव रखा कि एसोसिएशन के आधिकारिक ग्रुप में केवल स्थायी होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसायियों को ही जोड़ा जाए, ताकि संगठन की गोपनीयता और प्रासंगिकता बनी रहे। इस प्रस्ताव को उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
{ सिरोही में पर्यटन सर्किट विकसित करने की पहल : संगठन मंत्री सत्यजीत सिंह ने सिरोही जिले में पर्यटन और धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों को एसोसिएशन में शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने वाराखेड़ा, जवाई, पिंडवाड़ा क्षेत्र, मातरमाता, ट्रेकिंग स्थल, तेलपुर, बिजौला भागली, पावापुरी तीर्थधाम, शनैश्वर तीर्थधाम, सारणेश्वर जी, अम्बेश्वर जी और पिश्वाणियां पहाड़ी मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों को मिलाकर एक एकीकृत पर्यटन सर्किट विकसित करने का प्रस्ताव रखा। सभी सदस्यों
ने इस दूरदर्शी पहल का पूर्ण समर्थन किया। { संगठनमजबूती एवं दीपावली स्नेह मिलन का निर्णय : पूर्व सभापति ताराराम माली ने जिले के अधिक से अधिक होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसायियों को एसोसिएशन से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही, आगामी दीपावली के अवसर पर संगठन के सदस्यों के बीच परस्पर तालमेल बढ़ाने के लिए दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। { कार्यकुशलता के लिए शहर का 4 जोन में विभाजन : संगठन के कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए उपाध्यक्ष फिरोज पठान ने सिरोही शहर को चार अलग-अलग जोन में विभाजित करने का प्रस्ताव रखा। इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एक प्रमुख सदस्य (जोन प्रभारी) को सौंपी जाएगी। जोन प्रभारी अपने क्षेत्र के व्यवसायियों से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें संगठन से जोड़ेंगे और आगामी बैठकों की जानकारी देंगे। इस प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी मिली। { सदस्यता शुल्क एवं सक्रिय भागीदारी : अध्यक्ष शांतिलाल माली सोलंकी ने बैठक में सदस्यों की कम उपस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी व्यवसायियों से संगठन की बैठकों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने अध्यक्ष चुने जाने पर सभी सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया। बैठक में एसोसिएशन की सदस्यता के लिए 1100 का रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके तहत मौके पर मौजूद कई सदस्यों ने तुरंत अपना पंजीयन शुल्क जमा करवाया।





