PALI SIROHI ONLINE
आहोर-जोलार के कवराड़ा पुलिया पर बाइक स्लीप होने से युवक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिया पर लोहे के सरिए बाहर निकले हुए थे, जिसकी वजह से बाइक स्लीप हो गई। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हादसा कवराड़ा पुलिया पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। मृतक की पहचान हिंगोला निवासी घीसुलाल बावरी (24) के रूप में हुई है।
भाई के पास से निकला था, डेढ़ घंटे बाद हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, घीसुलाल सुबह करीब 11 बजे कुलथाना स्थित अपने भाई के पास से घर के लिए निकला था। करीब डेढ़ घंटे बाद दोपहर 12:30 बजे उसके भाई को हादसे की सूचना मिली।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिया पर लोहे के सरिये बाहर निकले हुए थे। उनका कहना है कि इन्हीं सरियों की वजह से बाइक फिसल गई और हादसा हुआ।
परिजनों ने ये भी आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद ठेकेदार ने पुलिया पर निकले सरियों को कटवाकर सीमेंट से ढक दिया। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
घीसुलाल की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक के परिवार में पत्नी ममता देवी और तीन छोटे बच्चे हैं। इनमें दो वर्षीय पुत्र रविंद्र, तीन वर्षीय पुत्री जसोदा और पांच वर्षीय पुत्री अरुणा शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हुए और मामले में कार्रवाई तथा न्याय की मांग की। परिजनों ने पुलिया के निर्माण कार्य की जांच कराने, हादसे के कारणों की निष्पक्ष जांच करने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





