PALI SIROHI ONLINE
रेवदर-रेवदर के मकावल गांव में गुरुवार सुबह युवक और युवती के शव खेत में एक पेड़ से लटके मिले। ग्रामीणों ने शव देखे तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एएसआई गणेशराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को रेवदर अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
मृतकों की पहचान मकावल निवासी विपुल (22) पुत्र भीखाराम भील और भटाना निवासी त्रिजा (18) पुत्री वीराराम भील के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया दोनों की मौत आत्महत्या के कारण होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।
15 दिन से चल रही थी सगाई की बात
परिजनों के अनुसार, विपुल और त्रिजा के परिवारों के बीच पिछले करीब 15 दिनों से दोनों की सगाई को लेकर बातचीत चल रही थी। त्रिजा के पिता वीराराम ने बताया कि परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी।
सुबह 4 बजे घर से निकली थी युवती
वीराराम के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 4 बजे त्रिजा बिना बताए घर से चली गई थी। घर पर नहीं मिलने पर परिजनों ने गांव और आसपास उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान वीराराम की मुलाकात विपुल के पिता भीखाराम से हुई। उन्होंने त्रिजा के बारे में पूछा तो भीखाराम ने बताया कि विपुल भी घर पर नहीं है और उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है।
कुएं के पास तलाश के दौरान मिली सूचना
इसके बाद वीराराम और भीखाराम कुएं के पास बैठकर दोनों की तलाश और उनके बारे में जानकारी जुटा रहे थे। इसी दौरान उन्हें खेत में स्थित एक बेर के पेड़ पर विपुल और त्रिजा के शव मिलने की सूचना मिली।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को अस्पताल की मॉच्र्युरी में पहुंचाया।
गुजरात जाने वाला था युवक
परिजनों ने बताया कि विपुल खेती-बाड़ी का काम करता था और जल्द ही काम के लिए ऊंझा, गुजरात जाने वाला था। वहीं त्रिजा अपने भाई के साथ गुजरात की एक तंबाकू फैक्ट्री में काम करती थी। परिजनों के अनुसार, वह करीब 15 दिन पहले जन्माष्टमी के त्योहार पर अपने गांव भटाना आई थी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




