PALI SIROHI ONLINE
शिवगंज-शिवगंज नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुंदनमल अग्रवाल ने गुरुवार शाम टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पदभार संभाला। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष विक्रम देवासी ने समारोह की अध्यक्षता की। भाजपा और कांग्रेस के निर्वाचित पार्षद भी कार्यक्रम में शामिल हुए। डॉ. रक्षा भंडारी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर शहर के विकास और जनहित पर काम करना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता, सड़क, नाली, पेयजल, रोशनी, आवास और सामाजिक सुरक्षा जैसी सुविधाओं पर प्राथमिकता से ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना भेदभाव पहुंचना चाहिए।
पालिका में पारदर्शिता से काम करेंगे: अग्रवाल : कुंदनमल अग्रवाल ने कहा कि पालिका में पारदर्शिता से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को छोटे कामों के लिए पालिका कार्यालय में अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था बनाई जाएगी। अग्रवाल ने सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता से कराने और विकास कार्यों में भेदभाव न होने का दावा किया। अधिशासी अधिकारी आसकरण सिंह राठौड़ ने पालिका प्रशासन की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के बाद अग्रवाल ने पालिकाध्यक्ष कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया।




