PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड़-आबूरोड नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की भावना अग्रवाल ने जीत दर्ज की। उन्हें 27 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी शोभा जोशी को 13 वोट मिले। भावना अग्रवाल ने 14 वोटों के अंतर से चुनाव जीता। मतदान में कांग्रेस के तीन पार्षदों की क्रॉस वोटिंग की बात सामने आई है।
नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, एसपी पुष्पेंद्र सिंह और उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह सहित सदर, शहर और रिको थाना अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
भाजपा के सभी पार्षद सुबह करीब 10:45 बजे एक साथ मतदान के लिए पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस के पार्षद दोपहर करीब 12:30 बजे एक साथ वोट देने पहुंचे। मतदान के दौरान कांग्रेस पार्षद सुमित जोशी के मतदान केंद्र के अंदर होने पर भाजपा खेमे में कुछ देर के लिए असहजता का माहौल नजर आया।
51 वर्षीय भावना अग्रवाल पहली बार चुनाव मैदान में उतरीं
भावना अग्रवाल की उम्र 51 साल है। वह गृहणी हैं और परिवार के साथ होटल व्यवसाय से भी जुड़ी हुई हैं। वह कई वर्षों से समाज सेवा और महिला कल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय रही हैं। यह उनका पहला चुनाव था। पहली बार चुनाव लड़कर उन्होंने जीत हासिल की और अब आबूरोड नगर पालिका अध्यक्ष का पद संभालेंगी।
जीत के बाद प्रमाण पत्र लिया
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भावना अग्रवाल ने जीत का प्रमाण पत्र लिया। जीत के बाद समर्थकों में उत्साह नजर आया। इस दौरान उन्होंने अपने पति से गले मिलकर जीत की खुशी साझा की।

