PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा/पिन्टु अग्रवाल
माउंट आबू-वर्ष 1981-82 में स्वर्गीय रघुनाथ सिंह राठौड़ ने आबू पर्वत में वृत्ताधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। करीब 44 साल बाद उनके पोते जितेंद्र सिंह राठौड़ ने इसी पद पर कार्यभार संभाला है।
जोधपुर जिले के गिलाकोर गांव से जुड़े राठौड़ परिवार के लिए यह पदस्थापना दादा की सेवा-स्मृतियों को नई पीढ़ी की जिम्मेदारी से जोड़ने वाला खास संयोग है। राठौड़ परिवार की सेवा परंपरा पुलिस तक सीमित नहीं रही। रघुनाथ सिंह के पिता और जितेंद्र सिंह के पड़दादा स्वर्गीय हरि सिंह राठौड़ ब्रिटिश भारतीय सेना में सूबेदार रहे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने प्रधान के रूप में सार्वजनिक दायित्व निभाया। इसके बाद रघुनाथ सिंह पुलिस सेवा में आए और राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित हुए। अब उनके पोते जितेंद्र सिंह पुलिस सेवा में आबू पर्वत के वृत्ताधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं जितेंद्र सिंह के पिता कान सिंह राठौड़ वर्तमान में सरपंच हैं। इस तरह परिवार की अलग-अलग पीढ़ियों ने सेना, पुलिस और स्थानीय सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारियां निभाई हैं। 1981-82: स्व. रघुनाथसिंह राठौड़, वृत्ताधिकारी, आबू पर्वत 2026: जितेंद्र सिंह राठौड़, वृत्ताधिकारी, आबू पर्वत



