PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में सवीना थाना क्षेत्र के सेक्टर-13 में सात दिन पहले महिला के गले से सोने की चेन छीनकर भागने वाले दो बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। थानाधिकारी अजय सिंह राव ने दोनों आरोपियों की फोटो सोशल मीडिया पेज पर शेयर करते हुए सूचना देने की अपील की है। फुटेज में दोनों आरोपी बाइक पर बैठे दिख रहे हैं।
आरोपियों ने 3 अक्टूबर को महावीर कॉलोनी सेक्टर-11 निवासी राजकुमारी भावनानी के गले से सोने की चेन छीन ली थी। बचाव में आधी चेन महिला के पास ही रह गई थी और आधी चेन आरोपी ले भाग गए थे। महिला सेक्टर-13 के गोविंद नगर में सत्संग में शामिल होने आई थीं। वहां महिला अपनी स्कूटी पार्क कर रही थी। तभी आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
बता दें, सवीना थाना क्षेत्र में पिछले 27 दिनों में तीन चेन स्नेचिंग हो चुकी है। तीनों वारदातों में एक भी आरोपी नहीं पकड़ा गया है। गत 17 सितंबर को सुबह 6 बजे सेक्टर-1 में महिला माया देवी मंदिर जा रही थी। तभी दो बदमाश उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। इसके बाद 23 सितंबर को सेक्टर-11 में ही आलोक स्कूल के पास महिला पद्मावती जैन अपने घर जा रही थी। तभी आरोपी उनके गले से भी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। ऐसे में सवीना थाना क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की बढ़ती वारदातों से पुलिस के लिए भी परेशानी खड़ी हो रही है।