PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली के ट्रांसपोर्ट नगर मामा नाडी क्षेत्र में एक फॉर्म हाउस पर घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। 15 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे सात-आठ लोग लाठी, सरिया और धारदार हथियार लेकर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़कर परिवार के लोगों से मारपीट की। हमले में राजूराम बावरी, उसकी पत्नी पानीदेवी और भांजा प्रकाश घायल हो गए। राजूराम का पैर टूट गया, जबकि पानीदेवी के सिर में चोट आई है। मामले में पानीदेवी ने टीपी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।सोशल मीडिया पर गलत मैसेज करने का आरोप
जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर मामा नाडी क्षेत्र में एक फॉर्म हाउस पर परिवार के साथ रहने वाली पानी देवी पत्नी राजूराम बावरी ने रिपोर्ट में बताया कि एक लड़का उनके पति की सोशल मीडिया साइट पर गलत मैसेज करता था।
15 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे वह खेत पर बने उनके मकान पर पहुंच गया। उस समय परिवार के लोग खेत में काम कर रहे थे और उनकी बेटी रसोई में थी। पानीदेवी के अनुसार, उन्होंने उसे बिना किसी अधिकार के घर में घुसते देखा तो उसे पकड़ लिया और इस पर नाराजगी जताई।
कॉल करने के बाद दोपहर में पहुंचे सात-आठ लोग
पानीदेवी के अनुसार, इसके बाद उस लड़के ने अपने घर पर कॉल किया। दोपहर करीब 3 बजे उसके परिवार के सात-आठ लोग उनके यहां पहुंचे। उनके हाथों में लाठी, सरिया और धारदार हथियार थे।
आरोप है कि परिवार के लोग घर के कमरे में घुस गए। उन्होंने लोहे का गेट और दरवाजा तोड़ा और परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में राजूराम का पैर टूटा
घटना में राजूराम बावरी (40), उसकी पत्नी पानीदेवी (36) और भांजा प्रकाश पुत्र लाबूराम घायल हो गए। आरोपियों ने राजूराम के साथ मारपीट की, जिससे उसका पैर टूट गया। पानीदेवी के सिर में चोट लगी, जबकि प्रकाश के शरीर पर भी कई चोटें आईं।
घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। यहां राजूराम बावरी को भर्ती किया गया है। उसके टूटे पैर का ऑपरेशन किया जाएगा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना के दौरान घर का लोहे का गेट भी तोड़ दिया गया। पानीदेवी ने मामले को लेकर टीपी नगर थाने में रिपोर्ट दर्जकरवाई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।


