PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड में दुकान की दीवार तोड़कर किराना दुकान से चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने दुकान की पीछे वाली दीवार तोड़कर अंदर रखा 1 लाख का सामान और 40 हजार की नकदी चुरा ली।
घटना डेरना गांव में मनीष कुमार माली की दुकान की है। मनीष ने बताया- चोरों ने उनकी किराना दुकान की पीछे की दीवार तोड़ी। वे दुकान में घुसकर करीब 50 हजार रुपए का किराना सामान, 50 हजार रुपए के गुटखा और बिस्किटसहित अन्य चीजें ले गए।चोर दुकान में रखी 40 हजार रुपए की नकदी भी चुरा ले गए। इस तरह कुल करीब 1 लाख 40 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, चोरों ने दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर चोरी की। सुबह घटना का पता चलने पर गांव के लोग मौके पर जमा हो गए।ग्रामीणों का कहना है कि डेरना और आसपास के इलाकों में पहले भी पत्थरबाजी और आपराधिक घटनाएं हुई हैं। पत्थर मारकर एक युवक की हत्या का मामला भी सामने आ चुका है। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके के लोगों में डर और गुस्सा है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने की मांग पहले भी की थी। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


