PALI SIROHI ONLINE
महावीर मेवाडा सांडेराव
सिंदरू गांव में’समुद्र मंथन’ कल, गांव में मेले सा माहौल सुमेरपूर। मारवाड़ की सुप्रसिद्ध सांस्कृतिक परंपरा ‘समुद्र मंथन’ (समद डोवण) उत्सव 14 तारीख को पाली जिले के सिंदरू गांव में पूरी भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। सरपंच प्रशासक चौथीदेवी के कुशल नेतृत्व में सालों बाद हो रहे इस आयोजन को लेकर प्रवासियों के जुटने से पूरे क्षेत्र में मेले सा माहौल है।
समाजसेवी नरेंद्र देवासी ने बताया कि यह उत्सव क्षेत्र की प्राचीन धरोहर और भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक है।हनुमत सिंह राणावत के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य कलश व शोभायात्रा से होगी, जिसमें महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में मंगलगीत गाती हुई मुख्य तालाब पहुंचेंगी।
तालाब पूजन के बाद मन्नतधारी महिलाएं पवित्र जल में उतरकर समुद्र मंथन की रस्म पूरी करेंगी। इसके बाद भाई अपनी बहनों को चूंदड़ी ओढ़ाकर बाहर लाएंगे और बहनें भाइयों को रक्षासूत्र बांधेंगी। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तालाब पर सफाई, रोशनी, सुरक्षा और वालंटियर्स के कड़े इंतजाम किए हैं।


