PALI SIROHI ONLINE
रानी-रानी खुर्द नगरपालिका चुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह दिखा। यहां सुबह से बूथों पर लंबी कतारें देखी गई। रानी खुर्द में कुल 76.15 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले
वार्ड 13 में सबसे ज्यादा, वार्ड 18 में सबसे कम मतदान
सबसे ज्यादा मतदान वार्ड 13 के बूथ पर 88.80 प्रतिशत हुआ, यहां 674 वोटर्स ने वोट डाले। जबकि सबसे कम मतदान वार्ड 18 में 61.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 277 वोट ही पड़े।
रानी खुर्द नगरपालिका में शाम 6 बजे तक 76.15% मतदान हुआ। कुल 11,826 में से 9,005 मतदाताओं ने वोट डाले। सभी 20 बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ।
20 मतदान केंद्र बनाए गए
रानी खुर्द नगरपालिका क्षेत्र में मतदान के लिए कुल 20 मतदान केंद्र बनाए गए। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए।
रानी खुर्द में कुल 11,826 मतदाता हैं। इनमें 5,982 पुरुष, 5,843 महिला और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है।
77 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
नगरपालिका चुनाव में कुल 77 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई। भाजपा और कांग्रेस ने सभी 20 वार्डों में अपने-अपने प्रत्याशी उतारे हैं। इनके अलावा 4 प्रत्याशी आरएलपी से और 33 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
नगरपालिका अध्यक्ष पद ओबीसी ओपन श्रेणी के लिए आरक्षित है। ऐसे में पार्षद चुनाव के साथ अध्यक्ष पद को लेकर भी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की नजरें परिणाम पर टिकी हुई हैं।
चार वार्डों में बागियों ने बढ़ाई चुनौती
वार्ड 2, 6, 10 और 15 में बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी ने चुनावी मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। इन वार्डों में प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के सामने निर्दलीय प्रत्याशी चुनौती पेश कर रहे हैं। ऐसे में इन सीटों के नतीजे राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से खासे महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

