PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू-शहर में 3 सितंबर की शाम बंदर के हमले में 14 वर्षीय बच्चे समेत दो लोगों के घायल होने के बाद वन विभाग ने तेजी से कार्रवाई की। विभाग की टीम ने करीब 18 घंटे के भीतर हमलावर बंदर को पकड़कर आबादी क्षेत्र से सुरक्षित हटा दिया। 4 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे जयपुर पैलेस के समीप से बंदर को रेस्क्यू किया गया।
घटना के बाद वन विभाग की टीम ने संबंधित क्षेत्र में बंदर की गतिविधियों पर नजर रखी और उसे पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की। डीएफओ अनिल गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए बंदर को सुरक्षित पकड़ा। डीएफओ अनिल गुप्ता ने बताया कि रेस्क्यू किए गए बंदर को मानव आबादी से पर्याप्त दूरी पर सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर छोड़ दिया गया है।
कार्रवाई में मोहनराम, राजेश विश्नोई और रामकुमार यादव सहित वन विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। गौरतलब है कि 3 सितंबर की शाम करीब 4 बजे बंदर ने 14 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे काट लिया था। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति भी हमले में घायल हो गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। लगातार निगरानी और प्रयासों के बाद अगले दिन सुबह बंदर को पकड़ लिया गया। इसके बाद संबंधित क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।

