PALI SIROHI ONLINE
नागौर-बड़ीखाटू। थाना क्षेत्र के ऊंचाईडा गांव में राजकीय चिकित्सालय के पास तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मां-बेटे की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने बस जब्त कर शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान ऊंचाईडा निवासी जिमना देवी (50) पत्नी भंवरलाल और उनके 18 वर्षीय बेटे उमेश बांगड़ा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ीखाटू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जायल उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने हादसे में शामिल बस को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।उमेश चार बहनों का इकलौता भाई था
उमेश अपने परिवार में चार बहनों का इकलौता भाई था। रक्षाबंधन को अभी महज सात दिन ही बीते थे। इस मौके पर चारों बहनों ने अपने भाई उमेश की कलाई पर राखी बांधी थी और परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन हादसे के बाद वही खुशियां मातम में बदल गईं। भाई की अचानक मौत की खबर से चारों बहनें पूरी तरह टूट गईं। उमेश की मौत के बाद बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सेवानिवृत्ति जुलूस के दौरान हुआ हादसा
नागौर के खींवसर थाना क्षेत्र में एक और हादसा हुआ। यहां सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह के दौरान डीजे वाहन पर किया जा रहा स्टंट हादसे में बदल गया। जुलूस के आगे चल रहा डीजे अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में उतर गया। इस दौरान डीजे के ऊपर बैठे दो कैमरामैन संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए और गंभीर घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान खींवसर निवासी बंटी प्रजापत (25) की मौत हो गई, जबकि प्रहलाद प्रजापत (22) का इलाज जारी है।


