PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
देश और प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव से परेशान सरकारें उत्सव और प्रचार में व्यस्त : भूराराम सीरवी
सीरवी का केंद्र की मोदी सरकार और राजस्थान सरकार पर तीखा हमला
तखतगढ 3 सितम्बर (खीमाराम मेवाडा) प्रदेश कांग्रेस कमेटी राजस्थान के महासचिव भूराराम सीरवी ने केंद्र की मोदी सरकार और राजस्थान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश और प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव से परेशान है, लेकिन सरकारें जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान करने के बजाय अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने में व्यस्त हैं।
सीरवी ने कहा कि आज गरीब परिवार के लिए घर चलाना, मध्यम वर्ग के लिए बच्चों की पढ़ाई और परिवार का खर्च उठाना तथा किसान के लिए खेती करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। रसोई का बजट बिगड़ा हुआ है, रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें आम आदमी को परेशान कर रही हैं और युवाओं के सामने रोजगार का संकट गंभीर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अच्छे दिनों के बड़े-बड़े सपने दिखाए थे, लेकिन आम आदमी आज महंगे दिनों का सामना कर रहा है। सरकार को यह बताना चाहिए कि जिस आर्थिक विकास की चर्चा की जाती है, उसका वास्तविक लाभ किसान, मजदूर, युवा और मध्यम वर्ग के परिवारों तक कितना पहुंचा है?
राजस्थान सरकार पर निशाना साधते हुए सीरवी ने कहा कि प्रदेश की जनता को अब भाषण नहीं, काम चाहिए; प्रचार नहीं, राहत चाहिए। महंगाई और बेरोजगारी जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। किसानों की बढ़ती लागत, युवाओं के रोजगार, छोटे व्यापारियों की परेशानियों और आम परिवार के बढ़ते खर्च पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना होगा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों पर चुप बैठने वाली नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव- गांव और शहर-शहर जाकर जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के अधिकारों के लिए कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। सीरवी ने सरकारों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने और आंकड़ों की बाजीगरी करने से वास्तविक समस्याएं खत्म नहीं होंगी। सरकार को जमीन पर उतरकर महंगाई कम करने, रोजगार बढ़ाने और आमजन को आर्थिक राहत देने के ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता सब देख रही है। आने वाले समय में जनता अपने वोट की ताकत से सरकारों को उनके कामकाज का जवाब देगी।


