PALI SIROHI ONLINE
पाली निकाय चुनाव : नाम वापसी के अंतिम दिन सरगर्मियां तेज, वार्ड 21 में कांग्रेस प्रत्याशी जीवराज बोराणा के चुनाव कार्यालय का भव्य उद्घाटन
पाली। नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। नामांकन प्रक्रिया के बाद अब आज नाम वापसी का अंतिम दिन होने के चलते विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशियों को मनाने और उन्हें चुनाव मैदान से बैठाने को लेकर मान-मनवार का दौर भी जारी है। इसी बीच पाली नगर निकाय चुनाव में वार्ड संख्या 21 के केशव नगर क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी जीवराज बोराणा के चुनाव कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया।
चुनाव कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वार्डवासी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी जीवराज बोराणा के समर्थन में कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान जीवराज बोराणा का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेसजनों ने वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मजबूती से प्रचार-प्रसार करने तथा उन्हें समर्थन देने का आह्वान किया।
समस्याओं के समाधान को बताया प्राथमिकता
चुनाव कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी जीवराज बोराणा ने कहा कि पाली शहर लंबे समय से विभिन्न मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है। शहर में सीवरेज व्यवस्था, सड़कों की बदहाल स्थिति के साथ-साथ पशुओं एवं श्वानों की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। इन समस्याओं के कारण शहरवासियों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस बार पाली शहर की जनता बदलाव के मूड में है और शहरवासी कांग्रेस का बोर्ड बनाकर मूलभूत समस्याओं से निजात पाने का काम करेंगे। उन्होंने वार्ड 21 के मतदाताओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि उन्हें वार्ड की सेवा का अवसर मिलता है तो वार्ड की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बोराणा ने कहा कि वार्ड के विकास के लिए आमजन से संवाद कायम रखते हुए उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने वार्डवासियों से चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर विकास की दिशा में सहयोग करने की अपील की।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन व वार्डवासी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निंबाड़ा, महावीर सिंह शुक्लाई, सेवादल के मोहन हटेला, जोगाराम सोलंकी, ललित बामनिया, नारायण परिहार, बंसीलाल जांगिड़, बाबूलाल कीर, गणेशाराम मेघवाल, आनंद सोलंकी, रघुनाथ सिंह मंडली, संतोष सिंह बाजवा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, वार्डवासी, महिलाएं, बुजुर्ग एवं युवा मौजूद रहे।
चुनाव कार्यालय उद्घाटन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए जीवराज बोराणा के समर्थन में माहौल बनाया। निकाय चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब वार्ड 21 में चुनावी मुकाबले की तस्वीर और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है।


