PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड के तलहटी क्षेत्र में मंगलवार रात 10 बजे एक सड़क हादसा हो गया। विनायक मेडिकल स्टोर के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को खबर मिलते ही वह मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
दो युवकों की मौके पर मौत
पुलिस ने बताया कि दो बाइकों के बीच टक्कर हुई थी। हादसे में भीमा पुत्र होमा भील (38) निवासी ओगणा, गोगुंदा(उदयपुर) और लालाराम पुत्र पैन्नाराम गरासिया (18) निवासी बगेरी, गिरवर थाना आबूरोड सदर की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन लोग घायल
हादसे में बदाराम पुत्र मांगीलाल भील (24), मोहन पुत्र भीवंराज भील (10) निवासी ओगणा, गोगुंदा (उदयपुर) और मुकेश पुत्र ओबाराम गरासिया (18) निवासी रामपुर पावटा, पिंडवाड़ा गंभीर घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए आबूरोड के सरकारी अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत देखकर उन्हें सिरोही जिला अस्पताल भेज दिया गया।
घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। परिजन अस्पताल पहुंचे और मृतकों व घायलों की पहचान की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आबूरोड मोर्चरी में रखवाया है। हादसे के कारणों की जांच चल रही है।
