PALI SIROHI ONLINE
पाली/सुमेरपुर सुमेरपुर थाना क्षेत्र में आदर्श क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी द्वारा एक महिला निवेशक की गाढ़ी कमाई के लाखों रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। स्थानीय कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सोसायटी के स्थानीय एजेंट, शाखा प्रबंधक, मुख्य प्रबंधक और निदेशक के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और आपराधिक षड्यंत्र रचने का मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपियों ने पीड़ित महिला को ज्यादा ब्याज दिलाने का झांसा देकर कुल 4.50 लाख रुपए की तीन एफडी करवाई थीं, जिनकी मैच्योरिटी अवधि पूरी होने पर कुल 9.50 लाख रुपए लौटाने के बजाय धोखाधड़ी कर सुमेरपुर कार्यालय बंद कर दिया। सुमेरपुर के घांचियों का वास निवासी पीड़िता ललिता देवी (45) पत्नी स्वर्गीय कालूराम ने कोर्ट में इस्तगासा पेश किया था। सुमेरपुर के उषापुरी गेट निवासी छगनाराम (48) पुत्र जेठाराम सोसायटी में एजेंट था। परिचित होने पर और बार-बार प्रेरित करने पर ललिता देवी ने अपनी और बेटी के नाम पर सोसायटी में 50 हजार, 1.75 लाख और 2.25 लाख सहित कुल 4.50 लाख रुपए की तीन एफडी करवाई थीं। आरोपी अधिकारी व कर्मचारी आम जनता की जमा पूंजी हड़पकर कार्यालय पर ताला लगाकर फरार हो गए।
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एजेंट छगनाराम, स्थानीय शाखा प्रबंधक, मुख्य प्रबंधक और निदेशक के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसकी जांच एएसआई मूलाराम को सौंपी गई है। { पहला निवेश: 50,000 रुपए की एफडी (खाता सं. 310/1), अवधि 96 माह, मैच्योरिटी राशि 1.50 लाख रुपए (मैच्योरिटी तारीख: 26.02.2022)। {दूसरा निवेश: 1.75 लाख रुपए की एफडी (खाता सं. 696/1), अवधि 60 माह, मैच्योरिटी राशि 3.50 लाख रुपए (मैच्योरिटी तारीख: 28.02.2019)। {तीसरा निवेश (पुत्री के नाम पर): 2.25 लाख रुपए की एफडी (खाता सं. 696/2), अवधि 60 माह, मैच्योरिटी राशि 4.50 लाख रुपए (मैच्योरिटी तारीख: 28.02.2019)। {कुल फंसा धनः जमा मूलधन 4.50 लाख रुपए, देय कुल मैच्योरिटी राशि 9.50 लाख रुपए।


