PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में पानी लेने जा रहे परिवार पर खेत में खड़ा क्षतिग्रस्त बिजली का पोल अचानक गिर गया। करंट लगने से पिता-पुत्र की तड़प-तड़पकर मौके पर ही मौत हो गई। महिला भी करंट की चपेट में आकर गंभीर झुलस गई, जिसे इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसा गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पिलोवनी गांव में हुआ।क्षतिग्रस्त पोल के पास से गुजरते समय अचानक गिरा
खिंवाड़ा थानाप्रभारी बलभद्र सिंह ने बताया – उदयपुर जिले के देवला गांव निवासी रामाराम (45) पुत्र पिताराम गेमती अपनी पत्नी सूनड़ी (42) और बेटे सेणाराम (15) के साथ रहता था। रामाराम खेत में मजदूरी करने के साथ लकड़ी काटने का काम करता था।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे तीनों पानी लेने जा रहे थे। जैसे ही वे खेत में खड़े क्षतिग्रस्त बिजली के पोल के पास से गुजरे, अचानक पोल गिर गया। बिजली के तार तीनों के ऊपर जा गिरे। करंट की चपेट में आने से रामाराम गेमती और उसके बेटे सेणाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूनड़ी देवी गंभीर घायल हो गई।घायल महिला का बांगड़ हॉस्पिटल में इलाज जारी
हादसे के बाद गंभीर हालत में सूनड़ी देवी को तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल भेजा गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
पिलोवनी गांव निवासी श्रवण ने आरोप लगाया – खेत में खड़ा बिजली का पोल काफी समय से क्षतिग्रस्त था। इसे बदलने के लिए डिस्कॉम को कई बार कहा गया था, लेकिन पोल नहीं बदला गया। ग्रामीण का आरोप है कि अगर समय रहते पोल बदल दिया जाता तो यह हादसा नहीं होता।
