PALI SIROHI ONLINE
हनुमान सिंह राव
हर हर गंगे तीर्थ स्थल से निकली कावड़ यात्रा, हर मस्त महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक
बाली। बाली उपखंड के बीजापुर स्थित अरावली पर्वतमाला की तलहटी में बसे प्रसिद्ध हर हर गंगे तीर्थ स्थल से श्रावण के अंतिम सोमवार को शिव भक्तों की कावड़ यात्रा निकाली गई। प्रजापत युवा संघ के कार्यकर्ताओं एवं शिव भक्तों ने हर हर गंगे तीर्थ स्थल से कावड़ में पवित्र जल लेकर सेवाड़ी स्थित हर मस्त महादेव मंदिर तक यात्रा निकाली।
कावड़ यात्रा के सेवाड़ी पहुंचने पर मिठड़ी नदी के किनारे स्थित हर मस्त महादेव मंदिर में शिवलिंग का पवित्र जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं समस्त लोगों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस दौरान महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया।
कावड़ यात्रा का बीजापुर, पादरला एवं सेवाड़ी गांव में जगह-जगह ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। दिल्ली से आई इवेंट टीम द्वारा शिव-पार्वती की झांकी एवं शिव तांडव नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के समापन पर हर मस्त महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा।


