PALI SIROHI ONLINE
सिरोही/सिरोही जिले के मनादर कस्बे में लोक देवता बाबा रामदेवजी के दर्शनों के लिए एक पैदल संघ सोमवार को रामदेवरा (जैसलमेर) के लिए रवाना हुआ। प्रस्थान से पहले मंदिर प्रांगण में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें चौधरी समाज के युवाओं, स्थानीय ग्रामीणों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
पूजा-अर्चना के बाद बाबा रामदेवजी की पंचरंगी ध्वजा (नेजा) की पूजा की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने ‘जय बाबा री’और ‘बाबा रामदेवजी महाराज की जय’ के जयकारों के साथ प्रस्थान किया। इन जयकारों से पूरा कस्बा गूंज उठा। यात्रा के दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर बाबा के भजनों पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इस संघ में पुरुष, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल हैं।
फूलों की बारिश की
कस्बेवासियों ने पैदल यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें विदाई दी। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षित यात्रा की कामना की। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भामाशाहों और सेवा समितियों द्वारा पदयात्रियों के लिए चाय, नाश्ता, भोजन और चिकित्सा सुविधा के फ्री प्रबंध किए गए हैं।

