PALI SIROHI ONLINE
रेवदर-सिरोही के रेवदर कांडला हाईवे पर बुढेश्वर महादेव मंदिर के पास रविवार शाम करीब 6:15 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। काम पूरा कर बाइक से घर लौट रहे दो दोस्तों को पीछे से आए ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों शव के टुकड़े-टुकड़े हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही रेवदर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को रेवदर अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।हादसे की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मार्बल का काम करते थे दोनों दोस्त
एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि मृतकों की पहचान रानाडी निवासी शंकर (21) पुत्र जेताराम कोली और बासन निवासी जयंती (20) पुत्र चमनाराम मेघवाल के रूप में हुई है। दोनों युवक वरमान में मार्बल का काम करते थे।
रविवार को काम पूरा करने के बाद दोनों एक ही बाइक से अपने-अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बुढेश्वर महादेव मंदिर के पास पीछे से आए ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।दो महीने पहले ही हुई थी शंकर की शादी
हादसे में जान गंवाने वाले शंकर की शादी महज दो महीने पहले हुई थी। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिजन रेवदर अस्पताल पहुंचे। अचानक हुए हादसे से परिवार में मातम छा गया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
जयंती के माता-पिता करते हैं मजदूरी
जयंती के माता-पिता मजदूरी करते हैं। परिवार में जयंती से छोटा एक भाई भी है, जो अभी पढ़ाई कर रहा है। जयंती की मौत की खबर से परिवार सदमे में है। दोनों दोस्तों की मौत के बाद उनके गांवों में भी शोक का माहौल है।
ट्रेलर जब्त, चालक गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रेलर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों की रिपोर्ट के बाद सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
दस दिन पहले भी हुआ था यहां एक्सीडेंट
10 दिन पहले भी यहाँ ट्रेलर, लोडिंग टेंपो और दो बाइकों की आपस में भिड़ंत हुई थी, जिसमें एक बुजुर्ग और एक युवक की मौत हुई थी।

