PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
नगरपालिका चुनावी बिगुल के बाद सुमेरपुर प्रशासन एक्शन मोड मे चुनावी तैयारीया शुरू
रिटर्निंग अधिकारी कालूराम कुम्हार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक मे शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने पर प्रशासन की पैनी नजर
राजनीतिक दलों को आचार संहिता, नामांकन, बैनर-होर्डिंग, ईवीएम, लाउडस्पीकर और चुनाव खर्च की दी जानकारी
तखतगढ 20 अगस्त (खीमाराम मेवाडा) चुनावी बिगुल बजने के बाद नगरपालिका आम चुनाव 2026 की तैयारियों के मध्यनजर गुरुवार को सुमेरपुर उपखंड प्रशासन ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपनी तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी हैं। गुरुवार को उपखण्ड कार्यालय सभागार में रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में एसडीएम ने निकाय चुनाव के दौरान नियम-कायदों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। रिटर्निंग अधिकारी कालूराम कुम्हार ने राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि नगरपालिका चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता, चुनाव कार्यक्रम एवं नामांकन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। आवेदन एवं नामांकन के दौरान सही तथ्यों और आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया गया। साथ ही उम्मीदवारों की पात्रता और संबंधित मतदाता सूची में नाम सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी भी दी गई। जिस से चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थी किसी नियम की अनदेखी न करें।
बैनर-होर्डिंग, टेम्पलेट प्रचार में अनुमति जरूरी
चुनावी प्रचार को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में बैनर, होर्डिंग, पोस्टर, टेम्पलेट एवं अन्य प्रचार सामग्री लगाने के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार अनुमति लेना आवश्यक होगा। साथ ही
चुनाव प्रचार के दौरान वाहन एवं लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए भी निर्धारित अनुमति प्रक्रिया का पालन करना होगा। बिना अनुमति प्रचार अथवा आचार संहिता का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
ईवीएम और मतदाता सूची की दी जानकारी
बैठक में एसडीएम ने मतदाता सूची एवं ईवीएम से संबंधित जानकारी भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई। निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा मतदाताओं को निष्पक्ष मतदान का अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
चुनाव खर्च की सीमा पर प्रशासन रहेगा सतर्क
रिटर्निंग अधिकारी ने अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित चुनाव खर्च सीमा की जानकारी भी दी। राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को चुनावी खर्च से जुड़े निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही चुनाव संबंधी आवश्यक सूचनाओं, शिकायतों एवं व्यवस्थाओं के लिए चुनाव नियंत्रण कक्ष के संबंध में भी जानकारी दी गई।ङ और चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध, अनैतिक अथवा मतदाताओं को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने पर विशेष जोर दिया गया। राजनीतिक दलों एवं कार्यकर्ताओं से चुनावी माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने तथा प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की गई। मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदान केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने, निर्वाचन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं करने की हिदायत दी गई।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में नगरपालिका सुमेरपुर के अधिशाषी अधिकारी नरपत सिंह, नगरपालिका तखतगढ़ के अधिशाषी अधिकारी महेंद्र बंजारा एव तहसील कार्यालय से सहायक प्रशासनिक अधिकारी शेरसिंह जोधा तथा
राजनीतिक दलों से सुभाष मेवाड़ा अध्यक्ष नगर कांग्रेस कमेटी संतोक सिंह सोलंकी, संगठन महासचिव कांग्रेस, रविकांत रावल भाजपा नगर अध्यक्ष सुमेरपुर, पूनमसिंह परमार, जिला उपाध्यक्ष भाजपा, जीवाराम राणा, भारतीय आदिवासी पार्टी, अब्दुल रज्जाक आम आदमी पार्टी सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रभारी एवं अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में मीडियाकर्मी भी मौजूद रहे।
27 अगस्त से नामांकन, 31 अगस्त आखिरी तारीख
आयोग के अनुसार 27 अगस्त को पार्षद के लिए नामांकन प्रक्रिया तो 31 अगस्त तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 3 सितंबर तक नाम वापसी होगी। इसके बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो जाएगी।
