PALI SIROHI ONLINE
बाली-सादड़ी पुलिस ने तमिलनाडु के कुंभकोणम थाना क्षेत्र से करीब एक करोड़ रुपए मूल्य का 670 ग्राम सोना चोरी कर फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सरथुर निवासी 30 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र कन्हैयालाल के रूप में हुई है। तमिलनाडु पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, वारदात 20 अप्रैल 2026 को तमिलनाडु के तंजावुर जिले में हुई थी। दिनेश कुमार वहां एक व्यक्ति केयहां नौकरी करता था और सप्लाई का काम संभालता था। इसी दौरान उसने दुकान से करीब 670 ग्राम सोना चोरी कर लिया और फरार हो गया। चोरी किए गए सोने की कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई गई है।
मोबाइल लोकेशन से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद तमिलनाडु पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। सादड़ी पुलिस ने आरोपी के नाम-पते के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने उसका फोटो और मोबाइल नंबर जुटाकर तकनीकी विश्लेषण किया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को आरोपी के बारे में सुराग मिला।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। सादड़ी पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू किया।
पुलिसकर्मी पर पत्थर फेंका
पुलिस के अनुसार, भागते समय आरोपी ने पीछा कर रहे पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके। इसमें कांस्टेबल रामफूल मीणा घायल हो गए। इसके बावजूद पुलिस टीम ने पीछा जारी रखा और आखिरकार आरोपी दिनेश कुमार को पकड़ लिया।
चोरी के सोने को लेकर पूछताछ जारी
आरोपी की गिरफ्तारी में तमिलनाडु पुलिस के साथ सादड़ीपुलिस के हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल रामफूल मीणा, सहदेव राम और प्रतिभा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।
पुलिस अब आरोपी से चोरी किए गए 670 ग्राम सोने के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही वारदात के बाद उसके ठिकानों और चोरी के सोने को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

