PALI SIROHI ONLINE
*39 वर्षों की गौरवपूर्ण राष्ट्र सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए माणकलाल कड़ेला, खारी कल्ला में हुआ भव्य अभिनंदन समारोह*
जोधपुर/खारी कल्ला, 16 अगस्त। सीमा सुरक्षा बल (BSF) में करीब 39 वर्षों तक देश की सीमाओं की सुरक्षा का दायित्व निभाने वाले उप निरीक्षक (SI) माणकलाल कड़ेला के सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में रविवार, 16 अगस्त को उनके निवास स्थान खारी कल्ला में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। पश्चिम बंगाल से 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त होकर अपने गांव लौटे श्री कड़ेला का परिवारजनों, रिश्तेदारों, ग्रामवासियों एवं शुभचिंतकों ने उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आत्मीय स्वागत किया।
समारोह के दौरान परिजनों एवं शुभचिंतकों ने माला पहनाकर, साफा बांधकर एवं गुलदस्ता भेंट कर शकडेला का अभिनंदन किया। उपस्थित लोगों ने उनके 39 वर्षों के गौरवपूर्ण सेवाकाल को याद करते हुए राष्ट्र सेवा के प्रति उनके समर्पण, अनुशासन, साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की तथा सेवानिवृत्ति पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रेम कड़ेला ने बताया कि श्री माणकलाल कडेला ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान भारत-पाकिस्तान एवं भारत-बांग्लादेश सीमा के अनेक चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दीं। राजस्थान के मरुस्थलीय सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर गुजरात के कच्छ के रण एवं अरब सागर से लगे सीमावर्ती क्षेत्रों, पंजाब के हुसैनीवाला एवं अटारी-वाघा तथा जम्मू-कश्मीर के दुर्गम एवं आतंकवाद प्रभावित क्षेत्रों में उन्होंने राष्ट्र सेवा का दायित्व निभाया।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल, असम, मणिपुर, मेघालय एवं त्रिपुरा के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी उन्होंने देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कारगिल युद्ध में सहभागिता, अमरनाथ यात्रा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्वों के दौरान भी उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं। बर्फीले पहाड़ी क्षेत्रों, रेगिस्तानी इलाकों, दुर्गम जंगलों एवं कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में उनकी सेवाएं उनके गौरवपूर्ण सेवाकाल का महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं।
समारोह में परिवारजनों एवं शुभचिंतकों ने कहा कि श्री माणकलाल करेला की 39 वर्षों की राष्ट्र सेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगी। देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए उन्होंने जिस अनुशासन, साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण का परिचय दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने श्री कड़ेला के स्वस्थ, सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय भावी जीवन की कामना की। साथ ही कहा कि राष्ट्र सेवा के गौरवपूर्ण अध्याय के बाद अब परिवार एवं समाज के बीच उनका अनुभव, मार्गदर्शन एवं सेवाभाव सभी के लिए प्रेरणादायी रहेगा।


