PALI SIROHI ONLINE
पाली-माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर बालिकाओं को किया जागरूक
पाली, 17 अगस्त। निदेशालय महिला अधिकारिता, पाली उपनिदेशक भागीरथ के निर्देशानुसार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर 12 से 17 अगस्त तक बालिकाओं एवं किशोरियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रोहट में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र द्वारा माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में केंद्र प्रबंधक प्रियंका व्यास ने कार्यक्रम की जानकारी दी। सामाजिक परामर्शदाता उर्मिला ने पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र का परिचय देते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना एवं कालीबाई भील उड़ान योजना सहित महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा महिला सलाह एवं सुरक्षा केंद्र के बारे में विस्तार से बताया।
प्रचेता प्रभा सोलंकी ने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के संबंध में बालिकाओं को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसके प्रति किसी प्रकार की झिझक या शर्म नहीं होनी चाहिए। उन्होंने माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित सामग्री का उपयोग, सेनेटरी पैड को प्रत्येक 4 से 6 घंटे में बदलने, पैड बदलने से पहले एवं बाद में साबुन से हाथ धोने तथा इस्तेमाल किए गए पैड को कागज में लपेटकर सुरक्षित रूप से डस्टबिन में डालने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि माहवारी के दौरान हरी सब्जियां, ताजे फल, दूध एवं आयरन युक्त पौष्टिक आहार का सेवन करना चाहिए तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। पर्याप्त नींद लेने एवं योग को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह भी दी गई। स्वच्छता के प्रति सावधानी बरतने से संक्रमण एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव किया जा सकता है। इस दौरान बालिकाओं के साथ प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रियंका व्यास ने बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर 181, महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 एवं राजकॉप सिटीजन एप की जानकारी भी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को माहवारी के प्रति जागरूक, आत्मविश्वासी एवं स्वस्थ बनाना रहा। इस दौरान माहवारी कोई शर्म की बात नहीं, यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है’ का संदेश दिया गया।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत अनिता चौहान ने बालिकाओं को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सम्मान, इसके तीन रंगों एवं अशोक चक्र के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने, राष्ट्रप्रेम, एकता एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने तथा राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य रसाली सहित विद्यालय के कार्मिक एवं 90 बालिकाएं उपस्थित रहीं।

