PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-जिले में अवैध मदिरा निर्माण, बिक्री, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने वासड़ा और तलवारनाका में कार्रवाई की।
संयुक्त टीम ने बिजली से चलने वाली हथकढ़ भट्टी जब्त कर 67 लीटर अवैध हथकढ़ शराब बरामद की। खेतों के किनारे जमीन में दबाकर रखी गई करीब 10 हजार लीटर उत्तेजित वॉश को मौके पर नष्ट किया गया।सहायक आबकारी अधिकारी (निरोधक दल) जगदीशराम विश्नोई ने बताया कि आबकारी आयुक्त राजस्थान, उदयपुर और अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन-जोधपुर सीमा कविया के आदेश पर जिला आबकारी अधिकारी गजेंद्रसिंह राजपुरोहित के निर्देशन में कार्रवाई की गई। टीम ने खेतों के किनारे जमीन में गाड़े गए 500-500 लीटर क्षमता के प्लास्टिक ड्रमों की जांच की। इनमें करीब 10 हजार लीटर उत्तेजित वॉश मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। मामले में आबकारी निरोधक दल आबूरोड और आबकारी निरीक्षक वृत्त आबूरोड की ओर से दो महत्वपूर्ण श्रेणी और दो साधारण श्रेणी सहित कुल चार प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक वृत्त आबूरोड सुरेश कुमार देवासी, आबकारी निरीक्षक वृत्त सिरोही जेएन विक्रमसिंह, प्रहराधिकारी आबकारी थाना आबूरोड लेखराज गहलोत और प्रहराधिकारी आबकारी थाना रेवदर हरिसिंह शामिल रहे।
पारंपरिक भट्टी के बजाय इलेक्ट्रिक तकनीक का इस्तेमाल : आबकारी विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान पहली बार बिजली से चलने वाली हथकढ़ भट्टी पकड़ी गई। आरोपियों ने पारंपरिक तरीके के बजाय इलेक्ट्रिक भट्टी और उपकरणों का उपयोग कर अवैध शराब तैयार करने का तरीका अपनायाथा। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। बकुराम पुत्र रेशमाराम गरासियाः उसके खेत से बिजली से चलने वाली भट्टी, उपकरण और 5 लीटर अवैध हथकढ़ शराब बरामद हुई। सोहनसिंह पुत्र सरतनसिंह राजपूत, निवासी वासड़ाः उसके रिहायशी मकान से करीब 52 लीटर अवैध हथकढ़ शराब जब्त की।

