PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही में शिवगंज उपखंड क्षेत्र के पालड़ी एम जीएसएस पर ग्रामीणों ने बिजली कटौती और विद्युत विभाग की कार्यशैली के खिलाफ प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण रावल और मंडल अध्यक्ष पन्ना राम चौहान के नेतृत्व में यह धरना दिया गया।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने विद्युत निगम कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि विभाग के अधिकारी समस्याओं का समाधान नहीं कर रहे हैं और फोन भी नहींउठाते। ग्रामीणों ने विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नाराजगी व्यक्त की।
लगभग एक घंटे बाद, कनिष्ठ अभियंता मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से ज्ञापन लिया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और समय पर समाधान का आश्वासन दिया।
रात 11 बजे बाद होती है कटौती
वेराविलपुर के ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि रात 11 बजे के बाद बिजली कटौती शुरू हो जाती है, जो सुबह तक रहती है, जिससे भारी परेशानी होती है। उथमन से पालड़ी एम तक की विद्युत लाइन बंद पड़ी है, जिससे 45 कृषि कुएं प्रभावित हैं और किसान कई दिनों से परेशान हैं।
पालड़ी एम में मामाजी बावसी मंदिर के पास पोल बदलने का काम एक साल से लंबित है। ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की कि राजस्थान सरकार द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटर के कारण बिजली बिलों में बढ़ोतरी हुई है। कई विद्युत कनेक्शन लंबित हैं और विभाग का फोन कई महीनों से बंद पड़ा है।
4 दिन का दिया अल्टीमेटम
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 अगस्त तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण रावल, मंडल अध्यक्ष पन्नाराम चौहान, ब्लॉक उपाध्यक्ष किशन सिंह देवड़ा, लोकसभा महासचिव ईश्वरसिंह, पूर्व पंचायत समिति सदस्य मंगल कुमार मीणा, ठाकरिराम रावल, पूर्वसरपंच चेनाराम मीणा, नारायण मीणा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

