PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-सांचौर में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक महिला ने अपने घर में घुसकर हमला करने, मारपीट करने और जबरन अपहरण का प्रयास करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे ने 6 अगस्त 2026 को एक युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप का इकरारनामा किया था। इसके बाद से दोनों साथ रह रहे हैं।महिला के अनुसार, युवती के पूर्व ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दिए जाने की आशंका थी।
हथियारों से लैस लोगों ने घर में की मारपीट
महिला ने आरोप लगाया कि 9 अगस्त को दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच कई लोग हथियारों से लैस होकर वाहनों में सवार होकर सांचौर स्थित उनके घर पहुंचे। जब उन्हें बेटा और युवती घर पर नहीं मिले, तो आरोपियों ने कथित तौर पर महिला के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण और समाज के लोग मौके पर जमा हो गए। इसी दौरान, आरोपियों के वाहन के सामने रेत का टीला आने से उन्हें रुकना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
थानाधिकारी बोले- शिकायत मिली, जांच जारी
सांचौर थानाधिकारी ने बताया कि घर पर हमला और अपहरण की शिकायत मिली है, जिस पर मामला दर्ज कर जांच की जाएगी।

