PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी ने लोकसभा में नियम 377 के तहत आदर्श क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी से जुड़ा मामला उठाया। उन्होंने देशभर के गरीब किसानों और निवेशकों के फंसे हुए धन को वापस दिलाने की मांग की।
चौधरी ने सदन को बताया कि आदर्श क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लाभकारी योजनाओं का झांसा देकर देशभर के गरीब किसानों से धन जमा करवा रही थी। परिपक्वता अवधि पूरी होने पर सोसायटी ने राशि चुकाने से इनकार कर दिया,जिससे निवेशकों के करोड़ों रुपए डूब गए।
10 लाख निवेशकों ने 8 हजार करोड़ का किया था निवेश सांसद के अनुसार, अकेले राजस्थान में इस सोसायटी की 309 शाखाओं में लगभग 10 लाख निवेशकों ने करीब 8 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया था। इनमें गरीब, दैनिक मजदूर, ठेले वाले, रिक्शा वाले, फेरी वाले, नरेगा मजदूर, छोटे किसान और सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल हैं, जिन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई इसमें लगाई थी।
आदर्श को-ऑपरेटिव ने निवेशकों की इस रकम को अपनी शेल कंपनियों में निवेश कर धोखा दिया। सोसायटी ने विभिन्न अधिनियमों के प्रावधानों का उल्लंघन किया, जिसके परिणामस्वरूप उसकी संपत्तियों को कुर्क कर दिया गया और बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया। सोसायटी के परिसमापन के लिए एक लिक्विडेटर भी नियुक्त किया गया है। सांसद चौधरी ने सरकार से आग्रह किया कि आदर्श क्रेडिट को-ऑपरेटिव में फंसे निवेशकों का पैसा जल्द से जल्द वापस दिलवाया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।


