PALI SIROHI ONLINE
रानी नगर पालिका ने सांडों की धरपकड़ शुरू, राहगीरों को मिलेगी राहत
नगराज वैष्णव
रानी। नगर पालिका रानी द्वारा कस्बे में सांडों की धरपकड़ का अभियान शुरू कर दिया गया है। पालिका कर्मचारी ट्रैक्टर एवं विशेष पिंजरे की सहायता से सांडों को पकड़कर सुरक्षित रूप से बंद कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य कस्बे में बढ़ रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाना और आमजन को राहत प्रदान करना है।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी मगराज चौधरी ने बताया कि नगर पालिका को लगातार आवारा सांडों की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। आए दिन सांड आपस में लड़ते हुए सड़क पर उत्पात मचाते हैं, जिससे कई बार बाइक सवार दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं तथा अनेक बुजुर्गों और राहगीरों को भी चोटें आई हैं।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए सांडों को पिंजरे में सुरक्षित रखकर अन्य गौशालाओं में छोड़ा जाएगा, ताकि कस्बे में यातायात सुचारु रहे और लोगों को दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सके। नगर पालिका का यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।


