PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
सुमेरपुर नगर सहित पूरे उपखंड में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गुरु भक्तों ने आस-पास के मठ, मंदिर एवं आश्रमों में जाकर अपने गुरु के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। अनेक शिष्यों ने देश-विदेश से वीडियो कॉल के माध्यम से भी गुरु वंदना कर आशीर्वाद लिया।
आदर्श कॉलोनी स्थित गौड़ ज्योतिष एवं अनुसंधान केंद्र में आध्यात्मिक गुरु पंडित सुरेश गौड़ के सानिध्य में गुरु पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर उपस्थित शिष्यों को संबोधित करते हुए पंडित गौड़ ने कहा कि आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा को गुरु पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। यह दिन गुरु के सम्मान का प्रतीक है। इसी दिन आदि गुरु महर्षि वेदव्यास का जन्मोत्सव भी मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में विद्यार्थी गुरुकुल में नि:शुल्क शिक्षा प्राप्त करने के बाद इस दिन गुरु पूजन करते थे। यह परम्परा आज भी विद्यमान है। इस पर्व पर शिष्य अपने गुरु से मंत्र दीक्षा लेते हैं और प्रतिवर्ष गुरु पूजन का संकल्प लेते हैं।
पंडित गौड़ ने कहा, “गुरु की कृपा के बिना मोक्ष संभव नहीं है। जो अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान रूपी प्रकाश की ओर ले जाए, वही सच्चा गुरु है।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिष्यों ने गुरु पूजन कर आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।


