PALI SIROHI ONLINE
सोजत-पाली जिले के सोजत रोड थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अशोभनीय टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना सोजत के निकट स्थित पांचुडाकला गांव की है। आरोप है कि गांव के दो युवकों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में कथित रूप से अशोभनीय टिप्पणी पोस्ट की थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
परिजनों ने बताया- मजाक में की गई थी टिप्पणी
सोजत रोड थाना अधिकारी कमला लोहार ने बताया- पूछताछ के दौरान युवकों के परिजनों का कहना है कि संबंधित टिप्पणी मजाक के तौर पर की गई थी। हालांकि, पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है और पोस्ट की प्रकृति सहित पूरे घटनाक्रम का परीक्षण किया जा रहा है।
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर उनकी जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

