PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
आयुष्मान कार्ड को गुजरात में लागू कराने की मांग हुई पूरी,बुधवार को जयपुर में स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद मिली बड़ी राहत
तखतगढ 22 जुलाई (खीमाराम मेवाडा) आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को गुजरात राज्य में उपचार के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार को जयपुर में राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर से प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष विस्तार से बताया कि राजस्थान के अनेक नागरिक रोजगार, व्यापार एवं अन्य कारणों से गुजरात में रहते हैं। लेकिन वहां आयुष्मान कार्ड का लाभ लेने में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। स्वास्थ्य मंत्री ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित उच्च अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। जिस पर हरजीलाल अटल चीप इंजीनियर राजस्थान स्टेट हेल्थ इंश्योरेंस एजेंसी द्वारा चीप इंजीनियर गुजरात स्टेट हेल्थ प्रोटेक्शन सोसाइटी गांधीनगर को हाथों हाथ हाथ पत्र व्यवहार अभी भेज दिया है। और आयुष्मान कार्ड को गुजरात में भी प्रभावी रूप से लागू कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। इस निर्णय से अब गुजरात जाने वाले राजस्थान के मरीजों और उनके परिवारों को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा उन्हें समय पर कैशलेस उपचार का लाभ मिल सकेगा।
इस महत्वपूर्ण जनहित कार्य में तुलसी पटेल , शैलेश घांची, भरत सोलंकी (सुमेरपुर), रामलाल सोलंकी (भीनमाल), देवहरी सिरवी (सोजत), राकेश बोराना, राकेश पंवार (लूणी) एवं हरयेश सिंह (नाना) की सक्रिय भूमिका रही। सभी ने संयुक्त रूप से आमजन की समस्या को सरकार तक पहुंचाया और उसके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए।
प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके त्वरित निर्णय और संवेदनशीलता के कारण हजारों जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे विषयों पर इसी प्रकार तत्परता से कार्य करती रहेगी। यह निर्णय “वन नेशन, वन आयुष्मान” की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


