PALI SIROHI ONLINE
जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2027-28 के लिए ऑनलाइन आवेदन में तेजी लाने के निर्देश
पाली, 22 जुलाई। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी) 2027-28 के तहत कक्षा 6 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों के अधिकाधिक ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जवाहर नवोदय विद्यालय प्राचार्य डी.सी गुप्ता ने बताया किकुछ ब्लॉकों में कक्षा 5 में अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या की तुलना में ऑनलाइन पंजीकरण अपेक्षाकृत कम हुए हैं। इस पर सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों एवं पीईईओ को आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से पाली जिले की कक्षा 5 में अध्ययनरत सभी छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य रूप से भरवाने तथा इच्छुक सभी छात्रों के आवेदन भी समय पर करवाने के लिए कहा गया है।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में प्रत्येक विद्यार्थी को केवल एक बार ही सम्मिलित होने का अवसर मिलता है। ऐसे में किसी भी पात्र विद्यार्थी का आवेदन छूटे नहीं, इसके लिए विद्यालय स्तर पर विशेष अभियान चलाकर अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को जागरूक किया जा रहा है।
आगामी सप्ताह जिला प्रशासन, पाली एवं जिला शिक्षा अधिकारी की उपस्थिति में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें ब्लॉकवार ऑनलाइन आवेदन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों से उनके क्षेत्र के समस्त पीईईओ के नाम एवं मोबाइल नंबर की अद्यतन सूची भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

